Mauganj news: सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मऊगंज जिले में स्वास्थ्य, पोषण, महिला एवं बाल विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक सुविधाओं तथा जनजागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में मऊगंज में आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं के सेवाभाव को सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की गई। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं ने ‘मेरी कहानी, मेरी सफलता’ के अंतर्गत अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बैतूल विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि आंगनवाड़ी बहनें केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि ममता की प्रतिमूर्ति हैं। बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, संस्कार और गर्भवती माताओं की देखभाल में वे जिस संवेदना से जुटी हैं, वह मां के आंचल जैसी ही पवित्र है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा के साथ गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। वे बच्चों की देखभाल मां की तरह संवेदनशीलता से कर रही हैं। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यकर्ताओं के मैदानी अनुभव और सुझावों से योजनाओं के क्रियान्वयन को और प्रभावी बनाया जा सकता है।
विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला, लाड़ली लक्ष्मी और लाड़ली बहना जैसी योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं के सेवाभाव की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने में उनका सतत योगदान है।
भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र मिश्रा ने कहा कि ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के योगदान को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता गांव-गांव में बच्चों, महिलाओं और परिवारों से सीधे जुड़कर शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रही हैं।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा पर निरंतर कार्य किया जा रहा है। गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को संतुलित आहार और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने के साथ कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक पोषण सेवाओं से जोड़ा जा रहा है। महिलाओं एवं बेटियों को लाड़ली लक्ष्मी सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने के लिए भी कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने बताया कि योजनाओं की जानकारी और समय पर मिले लाभ से परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से मजबूती मिली है। कार्यक्रम के माध्यम से योजनाओं के लाभार्थियों और मैदानी स्तर पर सेवाएं देने वाली कार्यकर्ताओं के बीच संवाद का अवसर भी मिला। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष कांतिदेव सिंह, रीवा संभाग प्रभारी विजय दुबे, सांसद जनार्दन मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विधायक देवतालाब गिरीश गौतम, विधायक मऊगंज प्रदीप पटेल, जिला प्रभारी शशांक श्रीवास्तव, कलेक्टर संजय कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अखण्ड प्रताप सिंह एवं मृगेन्द्र सिंह, प्रदेश सह-कोषाध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा तिवारी, जनपद अध्यक्ष नीलम इन्द्रपाल सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष मऊगंज बृजवासी पटेल, नगर परिषद अध्यक्ष हनुमना आशुतोष गुप्ता, नगर परिषद अध्यक्ष नईगढ़ी नागिता गुप्ता, जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा मऊगंज सुनीता पटेल,वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष सिंह सिसौदिया, नगर परिषद उपाध्यक्ष नईगढ़ी विभा शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।