Rewa news: रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सहजना गांव में हुए कमलेश साकेत की निर्मम हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में मृतक के परिजनों, स्थानीय ग्रामीणों और ओबीसी समाज के लोगों ने कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
तीन दिन पूर्व गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के सहजना निवासी कमलेश साकेत की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के इरादे से शव को पास की एक नहर में फेंक दिया था। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
परिजनों और प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांगें
कमलेश अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसकी मृत्यु के बाद परिवार के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। कलेक्ट्रेट पहुंचे प्रदर्शनकारियों और पीड़ित परिवार ने प्रशासन के सामने निम्नलिखित मांगें रखीं
पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता और मासिक भरण-पोषण भत्ता दिया जाए।
मृतक की तीन बच्चियों की आगे की पढ़ाई का पूरा खर्च सरकार और प्रशासन उठाए।
पीड़ित परिवार को आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर दोषियों को कढ़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।
प्रशासनिक आश्वासन के बाद शांत हुआ प्रदर्शन
कलेक्ट्रेट परिसर में भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार तथा समाज के प्रतिनिधियों से बातचीत की। अधिकारियों ने नियमानुसार व तय प्रक्रिया के तहत पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी मदद, आर्थिक मुआवजा और बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था कराने का ठोस आश्वासन दिया।
प्रशासन के सकारात्मक रुख और आश्वासन से संतुष्ट होकर परिजनों और प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट से शांतिपूर्ण तरीके से वापसी की। हालांकि, परिजनों का स्पष्ट कहना है कि यदि वादे के मुताबिक जल्द मदद नहीं मिली तो वे आगे कदम उठाने को मजबूर होंगे।